भोपाल एमपी में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। इस सीजन में सोमवार को भोपाल सबसे गरम रहा है। भोपाल में तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। वहीं, पूरे प्रदेश में सबसे अधिक खरगोन में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रेकॉर्ड किया गया है। धूप के तीखे तेवर को देख लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। भोपाल मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम गर्म हवाओं की वजह से तापमान बढ़ रहा है। एमपी में पश्चिमी विक्षोभ का असर है। यहीं कारण है कि दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि रात के तापमान में भी हल्की वृद्धि हुई है। सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान में 37.7 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक तापमान है। वहीं, रात में न्यूनतम तापमान में 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा है जो कि सामान्य है। भोपाल में 28 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। वहीं, एमपी में सबसे कम न्यूनतम तापमान रीवा और मंडला में 13 डिग्री सेल्सियस रहा है। इसके साथ ही हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी भोपाल में मंगलवार को आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके साथ ही मौसम को लेकर कोई चेतवानी मौसम विभाग की तरफ से जारी नहीं की गई है।
https://navbharattimes.indiatimes.com/photo/81404051/photo-81404051.jpg
0 Comments